Uncategorized

Giridih News: मकतपुर में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, चौक जाम कर किया प्रदर्शन

मकतपुर में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा

लो वोल्टेज, ट्रांसफार्मर खराबी और तीन दिन से ठप आपूर्ति से नाराज ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ खोला मोर्चा

गिरिडीह। लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज और ट्रांसफार्मर खराबी से परेशान मकतपुर के सतगलिया और आसपास के मोहल्लों के लोगों का गुस्सा बुधवार को सड़क पर फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मकतपुर चौक को जाम कर बिजली विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम के कारण मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है। वहीं ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पिछले तीन दिनों से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। लगातार लो वोल्टेज और बार-बार ‘440 वोल्ट’ की समस्या के कारण कई घरों के टीवी, फ्रिज, पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी खराब हो गए हैं।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई बार बिजली विभाग को शिकायत देने और अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों ने कहा कि अधिकारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे उन्हें मजबूर होकर सड़क जाम करना पड़ा।

बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। भीषण गर्मी में बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

newsgiridih

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Bringing you the latest updates from Giridih, Jharkhand, along with National & International News.

Get Latest Updates

    Stay informed with breaking news, local stories, and important updates.