‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत आयोजित प्रेसवार्ता में नीट, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य का मुद्दा उठा
गिरिडीह: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत शनिवार को गिरिडीह के नया परिसदन भवन में जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रेसवार्ता आयोजित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया ने की। प्रेसवार्ता में नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता देबू चटर्जी और अब्दुल करीम अंसारी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से अब तक कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से युवाओं का परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हुआ है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पेपर लीक की घटनाओं पर तत्काल प्रभावी रोक लगाई जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।
नेताओं ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में राजस्थान से शुरू किए गए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य छात्रों और युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है। इसी अभियान के तहत 9 जुलाई को दिल्ली में देशभर के छात्र-युवाओं का विशाल महाजुटान आयोजित किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में नरेश वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह, शबीर आलम, मनीर आलम, अशोक विश्वकर्मा, राजेश तुरी सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



