उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रणाली में बड़ा बदलाव किया गया है। अब यात्रियों को रजिस्ट्रेशन के लिए शुल्क देना होगा। फर्जी और अनावश्यक रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाने के उद्देश्य से गढ़वाल डिवीजन के एडिशनल कमिश्नर की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है, जो शुल्क निर्धारण पर अपनी रिपोर्ट देगी। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे के अनुसार, न्यूनतम 10 रुपये शुल्क लेने का सुझाव दिया गया है, ताकि सिस्टम का दुरुपयोग रोका जा सके। सरकार की मंजूरी के बाद अंतिम शुल्क तय किया जाएगा। देवभूमि उत्तराखंड की पहचान मानी जाने वाली चार धाम यात्रा में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस यात्रा में यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन किए जाते हैं। यह यात्रा हर साल गर्मियों में शुरू होकर सर्दियों में बंद होती है और श्रद्धालुओं के लिए आस्था के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण अनुभव भी मानी जाती है।
Char Dham Yatra 2026: अब चार धाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पर लगेगी फीस



