नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही देश में कई अहम नियम बदल गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। कहीं महंगाई का झटका है तो कहीं राहत की खबर।
LPG सिलेंडर हुआ महंगा
नए साल के पहले दिन ही महंगाई का असर दिखा। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। इससे होटल, ढाबा और छोटे कारोबारियों पर असर पड़ेगा। हालांकि घरेलू 14.2 किलो सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं PNG गैस की कीमतों में हल्की कटौती से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को कुछ राहत मिली है।
हवाई सफर हो सकता है सस्ता
हवाई यात्रियों के लिए राहत की खबर है। 1 जनवरी से एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में कटौती की गई है। ATF सस्ता होने से एयरलाइंस की लागत घटेगी और आने वाले दिनों में फ्लाइट टिकट के दाम कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
8वां वेतन आयोग
1 जनवरी से देश भर में 8वां वेतन आयोग लागू हो जाएगा। 8वें वेतन आयोग के तहत, केंद्र सरकार की नौकरी करने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स की सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी लागू हो जाएगी, जो उन्हें बाद में एरियर समेत दे दी जाएगी।
कार खरीदना पड़ा महंगा
नए साल में कार खरीदने वालों को झटका लगा है। कई ऑटोमोबाइल कंपनियों ने 1 जनवरी से गाड़ियों की कीमतें बढ़ा दी हैं। मर्सिडीज-बेंज, BMW, MG मोटर्स, निसान और रेनो जैसी कंपनियों ने अलग-अलग मॉडल्स के दाम 2 से 3 प्रतिशत तक बढ़ाए हैं।
यूपीआई
साइबर फ्रॉड पर लगाम कसने के लिए बैंक खाते के जरिए किए जाने वाले यूपीआई और अन्य डिजिटल पेमेंट के नियमों को सख्त बनाया जा रहा है। साइबर फ्रॉड रोकने के लिए मोबाइल सिम वेरिफिकेशन के नियम कड़े हो जाएंगे, ताकि बड़े पैमाने पर हो रहे साइबर अपराधों पर लगाम कसी जा सके।
1 जनवरी 2026 से लागू हुए ये बदलाव सीधे तौर पर आम आदमी की जेब को प्रभावित करेंगे। जहां LPG और कार की कीमतों ने महंगाई बढ़ाई है, वहीं ATF सस्ता होने और निर्यात नियमों में बदलाव से कुछ राहत भी मिली है।




