गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को घेरा
गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र स्थित चिकसोरिया गांव में साइबर अपराधी की गिरफ्तारी के दौरान बड़ा बवाल हो गया। साइबर अपराधी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया और जमकर पथराव किया। इस घटना में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आरोपी भीड़ की आड़ में पुलिस गिरफ्त से फरार होने में सफल रहा।
सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम चिकसोरिया गांव पहुंची थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि साइबर अपराधी चूरामन मंडल गांव में मौजूद है। बताया जाता है कि चूरामन मंडल चमलिट्टी गांव का निवासी है और इन दिनों अपनी ससुराल चिकसोरिया आया हुआ था।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चूरामन मंडल को हिरासत में ले लिया था। इसी दौरान गांव में गिरफ्तारी की सूचना फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम को चारों ओर से घेर लिया।
पथराव से मची अफरा-तफरी, आरोपी फरार
आरोप है कि ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के साथ पुलिस का विरोध शुरू कर दिया और पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया। अचानक बिगड़े हालात के बीच पुलिसकर्मियों को अपनी सुरक्षा के लिए पीछे हटना पड़ा। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी ग्रामीणों की मदद से पुलिस गिरफ्त से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही गांडेय इंस्पेक्टर समेत आसपास के कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अतिरिक्त बल की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया और इलाके में शांति बहाल की गई।
पुलिस ने दर्ज करने की कही प्राथमिकी
साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने बताया कि साइबर अपराधी की मौजूदगी की सूचना पर टीम कार्रवाई के लिए गई थी और आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया था। लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस को घेरकर पथराव शुरू कर दिया, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आरोपी को छुड़ाने के मामले में अहिल्यापुर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस सतर्क हो गई है। फरार साइबर अपराधी की तलाश के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, वहीं हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।



