गिरिडीह। मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गुरुवार को गाण्डेय विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ गिरिडीह के उत्सव उपवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने की।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि गाण्डेय विधानसभा क्षेत्र में कुल 60,432 मतदाता अब भी अनमैप्ड हैं। उन्होंने पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए टू (BLA-2) से इन मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को भी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में पूरी गंभीरता से जुटना होगा।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि अनमैप्ड मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने के लिए झारखंड सरकार गंभीर है। बहुत जल्द राइट टू सर्विस एक्ट के तहत सेवा पखवारा आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत शिविर लगाकर जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र और वंशावली जैसे जरूरी दस्तावेज बनाए जाएंगे। इससे मतदाता सूची में मौजूद लोजिकल त्रुटियों को दूर करने में भी मदद मिलेगी।
जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि झामुमो विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर पूरी तरह गंभीर है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने बताया कि आगामी 14 जून को उत्सव उपवन, गिरिडीह में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि पार्टी ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने मतदाताओं से भी जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी का नाम मतदाता सूची से कट गया तो भविष्य में उसे जोड़ने की प्रक्रिया जटिल हो सकती है।
जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी ने कहा कि सभी अनमैप्ड मतदाताओं को हर हाल में अपनी मैपिंग करवानी चाहिए और इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों की तैयारी अभी से शुरू कर देनी चाहिए।
वहीं, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि झारखंड में अंतिम बार वर्ष 2003 में विशेष गहन पुनरीक्षण हुआ था। यदि मतदाताओं के माता-पिता, दादा-दादी या नाना-नानी का नाम कहीं भी मतदाता सूची में दर्ज है, चाहे वह झारखंड में हो या देश के किसी अन्य राज्य में, तो उनके आधार पर नाम जोड़ने की प्रक्रिया संभव होगी।
बैठक के दौरान विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में एसआईआर से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को भी साझा किया। कार्यक्रम में विजय सिंह, हलधर राय, गोपीन मुर्मू, धूर्पदेव पंडित, बैजनाथ राणा, भैरव वर्मा, अरुण पाठक, वाहिद खान, मुस्तकीम अंसारी, राजेश दास, मंजू मरांडी, आजाद अंसारी, नीलकंठ मंडल, सुरेन्द्र सोरेन समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



