शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस, हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरलाटांड गांव में हाल ही में हुए दंपति ह,त्याकांड के बाद उपायुक्त रामनिवास यादव गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त ने मृतक दंपति के परिजनों से घटना की जानकारी ली और परिवार की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
बच्चों की शिक्षा और भविष्य को लेकर प्रशासन गंभीर
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि मृतक दंपति के बच्चों का पालन-पोषण, शिक्षा और भविष्य की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ा जाए तथा आवश्यक आर्थिक और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
साथ ही बच्चों का जल्द विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो और वे कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने जीवन के लक्ष्यों को हासिल कर सकें। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग और संरक्षण प्रदान करेगा।
सड़क नहीं होने पर पैदल पहुंचे उपायुक्त, ग्रामीणों ने जताया भरोसा
घटना की जानकारी मिलने के बाद उपायुक्त स्वयं अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के साथ तिरलाटांड पहुंचे। गांव तक सड़क जैसी बुनियादी सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें पैदल चलकर घटनास्थल तक पहुंचना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि पहली बार किसी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को इस तरह पैदल चलकर गांव पहुंचते देखा गया है। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि अब गांव की मूलभूत समस्याओं और विकास कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
तिरलाटांड में विकास कार्यों की होगी विशेष मॉनिटरिंग
उपायुक्त ने अधिकारियों को तिरलाटांड गांव में विकास योजनाओं की विशेष मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गांव की बुनियादी सुविधाओं और जरूरतों का आकलन कर आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।



