भव्य कलश यात्रा के साथ भक्तिमय हुआ गिरिडीह नगर
गिरिडीह नगर के आईसीआर रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में मंगलवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। मारवाड़ी ब्राह्मण चेरिटेबल ट्रस्ट, गिरिडीह के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा का वाचन स्वामी श्री नरेन्द्राचार्य जी महाराज द्वारा किया जा रहा है।
सैकड़ों महिलाओं के साथ निकाली गई निकाली कलश यात्रा
कथा प्रारंभ होने से पूर्व मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः श्री श्याम मंदिर पहुंची। इस दौरान सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश लेकर भाग लिया। धार्मिक जयघोष, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की आस्था से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया
धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति के सदस्य लगातार व्यवस्था में जुटे नजर आए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रथम दिवस कथा महात्म्य का हुआ वाचन
कार्यक्रम के मुख्य यजमान उषा किरण शर्मा, अभिषेक कुमार शर्मा एवं मीनाक्षी शर्मा हैं। कथा के पहले दिन कथा महात्म्य का वाचन किया गया। स्वामी नरेन्द्राचार्य जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कथा मनुष्य को आध्यात्मिक मार्ग की ओर प्रेरित करती है।
आगामी दिनों में होंगे कई प्रमुख धार्मिक प्रसंग
कथा के दौरान महाभारत प्रसंग, राजा परीक्षित का श्राप, ध्रुव चरित्र, अजामिल कथा, भक्त प्रह्लाद, गज-ग्राह मोक्ष, वामन अवतार, श्रीराम चरित्र, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन पूजा, महारास लीला एवं श्री रुक्मणी मंगल जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। एक विश्राम दिवस पर सुदामा चरित्र और विवाह प्रसंग पर विशेष चर्चा होगी।
1 जून को सामूहिक भंडारे के साथ होगा समापन
आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन का समापन 1 जून को सामूहिक भंडारे के साथ किया जाएगा।



