झारखंड में ठंड का असर फिलहाल बरकरार रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। सुबह के समय हल्का से मध्यम कुहासा छाया रहेगा, जबकि रात में ठंडी हवाएं ठिठुरन बढ़ाएंगी। रांची, गुमला, खूंटी, गिरिडीह, देवघर और धनबाद समेत कई जिलों में सर्दी का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रात के तापमान में गिरावट की संभावना है। हालांकि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सुबह-शाम सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है और फरवरी में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है।
Jharkhand Weather: झारखंड में और गिरेगा तापमान, ठंड से जल्द राहत के आसार नहीं




