गिरिडीह जिले में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा सत्र 2025–26 का आयोजन 17 फरवरी से किया जाएगा। परीक्षा जिले के 8 निर्धारित केंद्रों पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होगी। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। नकल रोकने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। कक्षा 10वीं की परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च तक, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से 10 अप्रैल तक आयोजित होगी। इस वर्ष कक्षा 10वीं में 4010 और कक्षा 12वीं में 1835 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सिटी को-ऑर्डिनेटर सह डीपीएस गिरिडीह की प्राचार्या डॉ. सोनी तिवारी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह परीक्षा छात्रों के अनुशासन, परिश्रम और समग्र विकास का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को तनावमुक्त माहौल देने और केवल सीबीएसई के आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की।
Giridih News: 17 फरवरी से गिरिडीह में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा, 8 केंद्रों पर होंगे सख्त इंतजाम



