Giridih Jamua

Giridih News: 25 लाख के जेवर, नकदी और जमीन के कागजात पर हाथ साफ, चोरगत्ता में बड़ी चोरी

25 लाख के जेवर, नकदी और जमीन के कागजात पर हाथ साफ

घर की छत पर सो रहा था परिवार, पीछे के रास्ते घुसे चोर

गिरिडीह: जमुआ थाना क्षेत्र के नवडीहा ओपी अंतर्गत चोरगत्ता गांव में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, चोरगत्ता निवासी मदन चौधरी का परिवार गर्मी के कारण रात में घर की छत पर सो रहा था। इसी दौरान चोर घर के पीछे की ओर से छज्जे के रास्ते घर में घुस गए और अलमारी व बक्सों में रखे जेवरात, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए आभूषणों में घर की बहुओं और दो बेटियों के गहने भी शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है।

200 मीटर दूर मिला खाली बक्सा

घटना के बाद घर से करीब 200 मीटर दूर एक बक्सा और जेवर रखने का खाली डिब्बा बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि चोर सामान की छंटनी करते हुए वहां से फरार हुए होंगे। बरामद सामान मिलने के बाद ग्रामीणों में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।

जमीन के कागजात चोरी होने से गहराया संदेह

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब परिवार ने जमीन से जुड़े मूल दस्तावेज भी गायब होने की जानकारी दी। पीड़ितों का कहना है कि वर्ष 2007 से गांव के कुछ लोगों के साथ भूमि विवाद चल रहा है। ऐसे में जमीन के महत्वपूर्ण कागजात चोरी होना कई सवाल खड़े कर रहा है। परिवार ने कुछ लोगों पर आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही नवडीहा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ओपी प्रभारी सबिता कुमारी ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस चोरी और भूमि विवाद दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

जल्द खुलासे की उम्मीद

फिलहाल पूरे चोरगत्ता गांव में इस घटना की चर्चा है। पीड़ित परिवार चोरी हुए जेवरात, नकदी और जमीन के दस्तावेजों की बरामदगी की मांग कर रहा है, वहीं पुलिस ने जल्द मामले के खुलासे का भरोसा दिलाया है।

newsgiridih

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Bringing you the latest updates from Giridih, Jharkhand, along with National & International News.

Get Latest Updates

    Stay informed with breaking news, local stories, and important updates.