Giridih मधुबन

Giridih News: आधी रात खूनी वारदात: सोते दंपती पर धारदार हथियार से हमला, दोनों की मौत

सोते दंपती पर धारदार हथियार से हमला

गिरिडीह के दलान चलकरी गांव में सनसनीखेज वारदात, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत दलान चलकरी गांव में हुई दंपती की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मंगलवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर पति-पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

रात के सन्नाटे में वारदात को दिया अंजाम

मृतकों की पहचान पतिया हांसदा (45) और उनकी पत्नी परनी मरांडी (35) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर घर में घुसे और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। घटना के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां दंपती खून से लथपथ हालत में मिले।

सड़क नहीं होने से बढ़ी मुश्किलें

घटना के बाद घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने में ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गांव तक सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस घर तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ग्रामीणों ने महिला को खाट पर लादकर करीब 700 मीटर दूर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से उन्हें अस्पताल भेजा गया।

चार बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हृदयविदारक घटना ने परिवार को पूरी तरह बिखेर दिया है। दंपती अपने पीछे दो बेटों और दो बेटियों समेत चार बच्चों को छोड़ गए हैं। एक ही रात में माता-पिता को खोने के बाद बच्चे गहरे सदमे में हैं और गांव में शोक का माहौल है।

जांच में जुटी पुलिस, जल्द खुलासे का दावा

घटना की सूचना मिलते ही डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, मधुबन थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।

newsgiridih

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Bringing you the latest updates from Giridih, Jharkhand, along with National & International News.

Get Latest Updates

    Stay informed with breaking news, local stories, and important updates.