झारखंड दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपनी सादगी और जनता से जुड़ाव का एक बार फिर उदाहरण पेश किया। एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद लौटते समय उन्होंने प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए सरायकेला के आकाशवाणी चौक पर अपना काफिला रुकवाया और सड़क पर खड़े लोगों के बीच पहुंचीं। राष्ट्रपति को अचानक अपने सामने देख स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बैरिकेडिंग के पीछे खड़ी भीड़ ने ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरे क्षेत्र को गूंजा दिया। राष्ट्रपति ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया और आत्मीयता से लोगों से मिलीं। इसके बाद खरकाई पुल मार्ग पर भी उन्होंने जनता का अभिवादन स्वीकार किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से यह चुनौतीपूर्ण क्षण था, लेकिन राष्ट्रपति का यह कदम सरायकेला और जमशेदपुर के लोगों के लिए यादगार बन गया।
Jharkhand News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तोड़ा प्रोटोकॉल, सड़क पर उतरकर लोगों से की मुलाकात



