उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर प्लस टू एच.ई. हाई स्कूल के छात्रों ने लोगों को किया जागरूक
गिरिडीह में निषिद्ध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को प्लस टू एच.ई. हाई स्कूल, गिरिडीह से नशामुक्ति प्रभात फेरी निकाली गई। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का नेतृत्व जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर ने किया। प्रभात फेरी विद्यालय परिसर से शुरू होकर झंडा मैदान, सदर अस्पताल, टावर चौक सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और पुनः विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
हम सब का एक ही नारा, नशा मुक्त जीवन हो हमारा के नारों से गूंजा शहर
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। इस दौरान विद्यार्थियों ने “हम सब का एक ही नारा, नशा मुक्त जीवन हो हमारा”, “नशा छोड़ें, शिक्षा चुनें”, “नशा को ना कहें, जीवन को हां कहें” तथा “नशा छोड़ें, परिवार जोड़ें” जैसे नारों के माध्यम से समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।
नशा परिवार और समाज दोनों को करता है प्रभावित : आशुतोष ठाकुर
जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में भी बाधक बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा अभियान
जिला प्रशासन के अनुसार नशामुक्ति अभियान आगामी दिनों में विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण करना है।



