Giridih

Giridih News:नोटिस के नाम पर वसूली! GST अधिकारियों का रिश्वत खेल उजागर

नोटिस-के-नाम-पर-वसूली

65 हजार की रिश्वत लेते ही बिछा CBI का जाल, 13 घंटे चली पूछताछ

गिरिडीह में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब धनबाद से पहुंची केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने बजरंग चौक स्थित सेंट्रल GST कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए विभाग के दो वरीय अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया। करोड़ों रुपये के कथित टैक्स मामले में रिश्वतखोरी की शिकायत पर हुई इस कार्रवाई ने पूरे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बिरनी के कारोबारी की शिकायत पर खुला पूरा खेल

मामले की शुरुआत बिरनी प्रखंड के खाखीपीपर निवासी राजू अंसारी की शिकायत से हुई। राजू अंसारी के अनुसार वर्ष 2023 में उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट अनीश कुमार सेठ, GST सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी और इंस्पेक्टर बिरजू कुमार ने मिलकर उन्हें 95 लाख रुपये GST टैक्स जमा करने का नोटिस भेजा था। विभाग की ओर से लगातार तीन नोटिस जारी किए गए थे।

“सेटलमेंट” के नाम पर मांगी गई रिश्वत

राजू अंसारी का आरोप है कि जब वे नोटिस को लेकर GST कार्यालय पहुंचे तो अधिकारियों और CA ने मामले को “सेटल” करने की बात कही। इसके बदले उनसे 90 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई। लगातार दबाव और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर राजू अंसारी सीधे धनबाद स्थित CBI कार्यालय पहुंचे और पूरी जानकारी CBI एसपी भंवर लाल मीणा को दी।

CBI ने रचा जाल, 65 हजार में तय हुआ सौदा

CBI के निर्देश पर रिश्वत की रकम कम कराने की बातचीत कराई गई, जिसके बाद 65 हजार रुपये में डील फाइनल हुई। योजना के तहत बुधवार को शिकायतकर्ता 50 हजार रुपये लेकर गिरिडीह GST कार्यालय पहुंचे।

सूत्रों के मुताबिक अधिकारियों ने सीधे पैसे हाथ में लेने से बचते हुए रकम किसी अन्य व्यक्ति के जरिए मंगवाई और बाद में उसे सुपरिटेंडेंट के घर भिजवा दिया। लेकिन इसकी पूरी सूचना पहले से ही CBI टीम के पास मौजूद थी।

केमिकल लगे नोटों ने खोल दी पोल

CBI ने रिश्वत के नोटों पर विशेष केमिकल लगाया था। जैसे ही रकम स्वीकार किए जाने की पुष्टि हुई, CBI इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में टीम ने GST कार्यालय में दबिश दे दी। इसके बाद करीब 13 घंटे तक अधिकारियों से गहन पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान दबाव बढ़ने पर सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी के घर से घूस की रकम मंगवाई गई। केमिकल टेस्ट में रिश्वत की पुष्टि होते ही सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी और GST इंस्पेक्टर बिरजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

फेयरवेल से पहले गिरफ्तारी, विभाग में सनसनी

बताया जा रहा है कि सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी का जल्द ही फेयरवेल कार्यक्रम होने वाला था, लेकिन उससे पहले ही CBI की कार्रवाई ने पूरे विभाग में सनसनी फैला दी। छापेमारी के बाद GST कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

विभागीय भ्रष्टाचार पर उठे बड़े सवाल

इस हाईप्रोफाइल कार्रवाई के बाद केंद्रीय GST विभाग की कार्यशैली और भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि CBI आने वाले दिनों में मामले से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर सकती है।

newsgiridih

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Bringing you the latest updates from Giridih, Jharkhand, along with National & International News.

Get Latest Updates

    Stay informed with breaking news, local stories, and important updates.