उपायुक्त के निर्देश पर जिले के सभी 13 प्रखंडों में लगेगा दो-दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप
गिरिडीह: जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर आम नागरिकों को उनके प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सभी 13 प्रखंडों में विशेष दो-दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 1 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा।
एक ही जगह मिलेगी सभी जरूरी सुविधाएं
उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी पात्र युवाओं एवं वाहन चालकों से निर्धारित तिथि पर अपने-अपने प्रखंड मुख्यालय में पहुंचकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की अपील की है। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को कैंप का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों को ब्लड ग्रुप जांच और फिजिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र के लिए चिकित्सक एवं लैब तकनीशियन की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया है, ताकि आवेदकों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगेगा कैंप, जानिए पूरा शेड्यूल
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि प्रत्येक प्रखंड मुख्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक कैंप संचालित होगा। कैंप में नए ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन प्रक्रिया, ड्राइविंग टेस्ट और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
कैंप का कार्यक्रम
- बेंगाबाद: 1 एवं 2 जुलाई
- जमुआ: 4 एवं 6 जुलाई
- तिसरी: 8 एवं 9 जुलाई
- देवरी: 10 एवं 11 जुलाई
- गावां: 14 एवं 15 जुलाई
- धनवार: 17 एवं 18 जुलाई
- गिरिडीह सदर: 21 एवं 22 जुलाई
- पीरटांड़: 24 एवं 25 जुलाई
- डुमरी: 27 एवं 28 जुलाई
- बगोदर: 31 जुलाई एवं 1 अगस्त
- बिरनी: 4 एवं 5 अगस्त
- सरिया: 7 एवं 8 अगस्त
- गांडेय: 12 एवं 13 अगस्त
जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर इस विशेष ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।



