Giridih

Giridih News: बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ माले का हल्ला बोल, गेट जाम कर उठाई बहाली की मांग

बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ माले का हल्ला बोल

अवैध छंटनी के विरोध में सड़क पर उतरे मजदूर, फैक्ट्री प्रबंधन को दी चेतावनी

गिरिडीह: टुंडी रोड स्थित बालमुकुंद फैक्ट्री में मजदूरों की कथित अवैध छंटनी के विरोध में भाकपा-माले और असंगठित मजदूर मोर्चा ने आंदोलन तेज कर दिया है। मंगलवार को सदर प्रखंड के पपरवाटांड स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर आयोजित सभा में बड़ी संख्या में मजदूरों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सभा के बाद प्रतिवाद मार्च निकाला गया, जो समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त कार्यालय के मुख्य गेट पर धरने में बदल गया। प्रदर्शनकारियों ने गेट जाम कर प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

मजदूरों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं : चंद्रदेव महतो

सभा को संबोधित करते हुए सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो उर्फ बबलू ने कहा कि पांच मजदूरों को बिना किसी नियम और प्रक्रिया के नौकरी से निकालना घोर अन्याय है। उन्होंने कहा कि मजदूरों और आम जनता को परेशान करना बंद किया जाए। मजदूरों के अधिकारों पर हमला किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मजदूरों की एकता से झुकना पड़ेगा प्रबंधन’ : विनोद सिंह

बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रबंधन मजदूरों का उत्पीड़न बंद करे, अन्यथा मजदूरों की एकजुटता उसे जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री ने आसपास के क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया है, जिसके लिए प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए। साथ ही जिला प्रशासन से मजदूरों के पक्ष में हस्तक्षेप करने की मांग की।

गेट जाम से लेकर ताला जड़ने तक की चेतावनी

धनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि जिला प्रशासन जल्द हस्तक्षेप कर हटाए गए मजदूरों की जांच कराए और उन्हें पुनः काम पर बहाल करे। यदि ऐसा नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो फैक्ट्री के मुख्य गेट पर ताला भी जड़ दिया जाएगा।

माले का आरोप: कम वेतन, कमीशनखोरी और दुर्व्यवहार

माले नेता राजेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन स्थानीय मजदूरों का शोषण कर रहा है। मजदूरों को कम वेतन दिया जाता है, ठेकेदारों से कमीशन लिया जाता है और कर्मचारियों के साथ मारपीट व गाली-गलौज जैसी घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि संगठन मजदूरों के साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती बर्दाश्त नहीं करेगा।

जिले की अन्य समस्याओं को भी उठाया गया

सभा में नेताओं ने नल-जल योजना की खामियां, गरीबों के आवास, राशन वितरण में कथित गड़बड़ी और जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था जैसे मुद्दों को भी उठाया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन इन जनहित के मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

सभा में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में परमेश्वर महतो, नितई महतो, उस्मान अंसारी, सीताराम सिंह, जयंती चौधरी, पुरान महतो, जिला सचिव अशोक पासवान सहित बड़ी संख्या में माले कार्यकर्ता, मजदूर और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

newsgiridih

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Bringing you the latest updates from Giridih, Jharkhand, along with National & International News.

Get Latest Updates

    Stay informed with breaking news, local stories, and important updates.