प्रेम कुमार मंडल की गिरफ्तारी को लेकर थाना परिसर में घंटों चला धरना
गिरिडीह जिले के सरिया थाना परिसर में शनिवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाना पहुंचकर धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए थाना का घेराव किया। मामला पोखरियाडीह निवासी प्रेम कुमार मंडल की गिरफ्तारी और थाना में कथित मारपीट से जुड़ा है।

भाजपा नेताओं ने लगाया पुलिस पर गंभीर आरोप
धरना का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता बबलू कुमार मंडल ने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात पुलिस ने प्रेम कुमार मंडल को फोन कर थाना बुलाया था। उन्होंने कहा कि थाना पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जो पूरी तरह अमानवीय और गैरकानूनी है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरिया इंस्पेक्टर को तत्काल हटाने तथा प्रेम कुमार मंडल को सम्मानपूर्वक रिहा करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
घंटों तक थाना गेट पर बैठे रहे कार्यकर्ता
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता थाना के मुख्य गेट पर बैठकर घंटों धरना देते रहे। मौके पर भाजपा नेता मनीष मंडल, नरेश रजक समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के कारण थाना परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
एसडीपीओ ने पहुंचकर संभाला मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए धनंजय राम मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त करने की घोषणा की।
पुलिस ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं दूसरी ओर, सरिया थाना प्रभारी पिक्कू कुमार ने पुलिस पर लगाए गए मारपीट के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार मंडल के खिलाफ मारपीट और छिनतई का मामला दर्ज है, जिसके आधार पर उनकी गिरफ्तारी की गई थी।
पुलिस प्रशासन के अनुसार फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन इस घटना के बाद सरिया क्षेत्र का राजनीतिक माहौल काफी गर्म हो गया है।



