गिरिडीह जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने जिले के सात सरकारी विद्यालयों को मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (CM SOE) का दर्जा दिया है। इन स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न पर अंग्रेजी माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी। चयनित विद्यालय सात अलग-अलग प्रखंडों में स्थित हैं, जहां स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी व भाषा लैब, डिजिटल कंटेंट और आधुनिक विज्ञान-गणित प्रयोगशालाएं उपलब्ध होंगी।मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के लिए चयनित विद्यालयों में बेंगाबाद प्रखण्ड के प्लस टू हाई स्कूल बेंगाबाद, धनवार प्रखण्ड के अपग्रेडेड प्लस टू हाई स्कूल अरखांगो, गांडेय प्रखण्ड के अपग्रेडेड प्लस टू हाई स्कूल ताराटांड, गिरिडीह प्रखण्ड के टीआरपी हाई स्कूल लेदा, जमुआ प्रखण्ड के अपग्रेडेड प्लस टू हाई स्कूल शहरपुरा, पीरटांड प्रखण्ड के अपग्रेडेड प्लस टू प्रोजेक्ट कन्या हाई स्कूल पीरटांड तथा सरिया प्रखण्ड के अपग्रेडेड प्लस टू हाई स्कूल केशवारी शामिल हैं। सत्र 2027-28 से पढ़ाई शुरू होने की संभावना है। राज्य में 100 नए सीएम एसओई की स्वीकृति के तहत गिरिडीह के सात स्कूल चुने गए हैं, जिससे जिले में ऐसे विद्यालयों की संख्या चार से बढ़कर 11 हो जाएगी।
Giridih News: गिरिडीह में शिक्षा को नई उड़ान, सात स्कूल बने मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस




