झारखंड की बेटियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक अहम पहल की है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पलामू पुलिस स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने घोषणा की कि राज्य की सभी लड़कियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना को लेकर प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और हाल ही में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ हुई बैठक में केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया गया है। मंत्री ने कहा कि बिहार समेत अन्य राज्यों की तर्ज पर झारखंड में भी यह योजना लागू की जाएगी। अपने संबोधन में उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग दोहराई। साथ ही पलामू क्षेत्र में धान खरीद में तेजी लाने, विशेष केंद्रीय सहायता बहाल करने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की जरूरत पर भी जोर दिया। इस मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Jharkhand News: झारखंड की बेटियों को मिलेगी 10-10 हजार रुपये की सहायता



