Jharkhand

Jharkhand News: रांची से गायब अंश और अंशिका मिले, रामगढ़ से हुई बरामदगी

Ansh- Anshika found

झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से 2 जनवरी को लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश कुमार (5) और अंशिका कुमारी (4) को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। रांची और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके से सुरक्षित निकाला गया। इस पूरे मामले में पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, 2 जनवरी को दोनों बच्चे धुर्वा के मल्लार टोली स्थित अपने घर के पास की दुकान से बिस्किट खरीदने निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर 40 सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड, फॉरेंसिक टीम और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच तेज की। इस दौरान चार राज्यों में छापेमारी की गई, 5 हजार से अधिक मोबाइल नंबरों की जांच की गई और करीब 2 हजार सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

पुलिस द्वारा सूचना देने वाले को 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था, वहीं सामाजिक संगठनों और आम लोगों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चों की तलाश में सहयोग किया। सामूहिक प्रयासों और लगातार दबाव के बाद पुलिस को सफलता मिली। फिलहाल दोनों बच्चों को मीडिया से दूर रखा गया है और उनसे पूरी घटना की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले का विस्तृत खुलासा जल्द ही पुलिस मुख्यालय में किया जाएगा।

newsgiridih

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Bringing you the latest updates from Giridih, Jharkhand, along with National & International News.

Get Latest Updates

    Stay informed with breaking news, local stories, and important updates.